महिला सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस अलर्ट, स्कूलों से लेकर गांवों तक पहुंच रहीं मिशन शक्ति की टीमें

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी सुश्री मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में पुलिस की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। इन कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार द्वारा संचालित सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना डर और संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए भी चल रहा जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति अभियान के साथ सोनभद्र पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, बालिकाओं एवं आमजन को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों से अवगत कराया जा रहा है।
इस दौरान ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। लोगों को आगाह किया जा रहा है कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस टीमों द्वारा सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन बातचीत के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की जा रही है। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in⁠� के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी भी दी जा रही है।
महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है। 112 – आपातकालीन पुलिस सेवा, 1090 / 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 – महिला हेल्पलाइन, 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सोनभद्र पुलिस की अपील सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। पुलिस ने आमजन से भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया है। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति 6.0 का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाना है।
सोनभद्र पुलिस का संदेश है— “नारी का सम्मान, सुरक्षा की पहचान” और “सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन से ही बनेगा सशक्त समाज।”

ये भी पढ़िए