मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण में महिला सुरक्षा को लेकर सोनभद्र पुलिस का जागरूकता अभियान

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में समस्त थाना क्षेत्रों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों, लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, साक्षरता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। महिला एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए। लोगों को विशेष रूप से ओटीपी, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने लोगों को प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। आपात स्थिति में 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क करने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और सजगता के माध्यम से ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।

ये भी पढ़िए