महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सोनभद्र पुलिस का बड़ा अभियान

112, 1090 और 1930… मुश्किल में इन नंबरों से मिलेगी तत्काल मदद

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में पुलिस की टीमें गांवों से लेकर स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं।
अभियान के तहत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के तरीके, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली हिंसा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बताया जा रहा है कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय निडर होकर पुलिस से संपर्क करें। उन्हें विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना भी है।
साइबर ठगों से बचाव के लिए भी चल रही मुहिम
महिला सुरक्षा के साथ सोनभद्र पुलिस साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने में भी जुटी है। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों, बालिकाओं एवं आमजन को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से सावधान किया जा रहा है।
जागरूकता कार्यक्रमों में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली ठगी के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। लोगों को आगाह किया जा रहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा निजी विवरण साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
पुलिस टीमों द्वारा सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने तथा अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in⁠ का उपयोग करने की जानकारी दी जा रही है।

आपात स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क

सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं आमजन की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की है। इनमें आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं।

पुलिस की अपील—अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं महिलाएं

सोनभद्र पुलिस ने अपील की है कि महिलाएं एवं बालिकाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ बिना भय के आवाज उठाएं। वहीं आमजन से भी साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई है।
पुलिस का संदेश है कि महिला सुरक्षा केवल अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, सुरक्षा और स्वावलंबन के माध्यम से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

ये भी पढ़िए