शाहजहांपुर से सोनभद्र तक गांजा तस्करी का खेल! 60 किलो से अधिक गांजे के साथ दो गिरफ्तार

सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कार में गुप्त केबिन बनाकर गांजे की तस्करी करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सुजुकी सियाज कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 4 नवंबर की रात करीब 8:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लोढ़ी स्थित टीवीएस गोदाम के पास गांजे की तस्करी करने वाले दो लोग मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम यादव (21) पुत्र राजेश्वर यादव, निवासी ग्राम लैसना, थाना जलालाबाद तथा सीबू अली (24) पुत्र सब्बन अली, निवासी ब्रह्मनान, थाना अल्लागंज के पीछे, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है। तलाशी एवं निशानदेही के दौरान तीन प्लास्टिक के कट्टों में रखे गांजे के कुल 43 पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 60 किलो 500 ग्राम पाया गया।

कार में बना रखा था तस्करी का गुप्त ठिकाना

तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए सुजुकी सियाज कार में गुप्त केबिन बना रखा था। इसी केबिन में गांजा छिपाकर तस्करी की जाती थी। पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेते हुए थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 892/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60/61 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, निरीक्षक बनारसी यादव, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उमाशंकर यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। ऑपरेशन शुद्धि के तहत हुई इस कार्रवाई को जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़िए