सोनभद्र,। शासन के निर्देशों के क्रम में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति सोनभद्र के तत्वावधान में शुक्रवार की सुबह चोपन घाट पर ‘ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह’ (BRICS Sustainable Lifestyle Week) के अंतर्गत जल संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वन विभाग सोनभद्र के जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम तथा जिला पर्यावरण समिति की ओर से प्रमोद (जेआरएफ) मौजूद रहे। इस दौरान जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र गौतम ने लोगों को मिशन LiFE की सात प्रमुख थीम्स की जानकारी देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पानी की बर्बादी रोकना, जल संचयन को बढ़ावा देना और नदियों को प्रदूषण मुक्त रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वहीं, पर्यावरण समिति के प्रमोद ने एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का प्रयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत चोपन से विनीत शर्मा, वार्ड नंबर 10 के सभासद सुशील, अभिषेक सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के जरिए लोगों को पर्यावरण संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

