रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र बिछियां के हॉल में एक दिवसीय जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रति रुचि जगाना, पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देना और युवा कलाकारों को नई दिशा प्रदान करना था।
उत्सव का शुभारंभ विकास खंड-सदर के खंड विकास अधिकारी श्री शशिक्रांत पांडेय ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर किया। इस दौरान मुख्य अतिथियों और गणमान्य लोगों ने कला और कलाकारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकास खंडों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर किशोरी सशक्तिकरण और महिलाओं के हुनर को दर्शाने वाली प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
विभिन्न विधाओं के विजेता और उपविजेता।

- लोकनृत्य (समूह): प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल, कैली (विकास खंड-चहनियां) प्रथम और विकास खंड-नियामताबाद द्वितीय स्थान पर रहा।
- लोकगीत (समूह): प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल, कैली (विकास खंड-चहनियां) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि विकास खंड-चहनियां द्वितीय स्थान पर रहा।
- चित्रकला: गौरव कुमार प्रथम और निहारिका द्वितीय स्थान पर रहीं।
- कविता लेखन: अभिषेक चौबे (विकास खंड-नौगढ़) ने प्रथम और सोनम कुमारी (विकास खंड-सदर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- नुक्कड़ नाटक: विकास खंड-सकलडीहा प्रथम और विकास खंड-सदर द्वितीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के अंत में विशिष्ट अतिथियों राष्ट्रीय लोकगीत कलाकार श्री राम यादव व ग्राम प्रधान सैदपुर श्री कौशल सिंह द्वारा सभी विजेता और उपविजेता कलाकारों को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री श्वेतांक मिश्रा और श्री सुनील कुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि जिला युवा कल्याण अधिकारी ने सभी आगंतुकों और निर्णायकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

