सोनभद्र: रजखड़ घाटी हादसे से खुला 65 लाख की अवैध शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

दुद्धी/सोनभद्र। दुद्धी क्षेत्र की रजखड़ घाटी में 5 दिसंबर को हुए एक सड़क हादसे ने पुलिस को अंतर-राज्यीय अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क तक पहुंचा दिया है। हाथीनाला-दुद्धी मार्ग पर रजखड़ घाटी के प्रथम मोड़ के पास एक ट्रक (संख्या UP 63 T 6441) अनियंत्रित होकर पलट गया था।
मौके पर पहुंची दुद्धी पुलिस ने जब दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की जांच की, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

15,669 बोतलें जब्त, कीमत 65 लाख

पुलिस ने ट्रक से कुल 326 पेटियों और 169 प्लास्टिक बोरियों में भरी 15,669 बोतलें जब्त कीं। जब्त शराब: मैकडावल नंबर-1 और रॉयल चैलेंज व्हिस्की कुल मात्रा: 5,960.265 लीटर।
बाजार कीमत: लगभग 65 लाख रुपये।
यह बड़ी बरामदगी पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी ‘प्रहारक अभियान’ की सफलता का हिस्सा है। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में इस मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

दिल्ली-पंजाब से जुड़े तार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुर्घटना के बाद दुद्धी थाने में मुकदमा संख्या 308/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना में सामने आया कि यह शराब तस्करी एक संगठित तरीके से की जा रही थी, जिसमें ट्रक चालक योगेंद्र सिंह और मालिक अजीत सिंह (दोनों लुधियाना, पंजाब निवासी) संलिप्त थे। इसके अलावा, दिल्ली की Shree Ram Enterprises और Krishna All India Transport Packers & Movers का भी कनेक्शन सामने आया।
जांच टीम ने इस मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी बलजिंदर सिंह उर्फ हनी को आज दुद्धी रेलवे स्टेशन रोड पर पत्ता गोदाम के सामने से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी: बलजिंदर सिंह उर्फ हनी (निवासी: लुधियाना, पंजाब)

आरोपी लंबे समय से अवैध शराब तस्करी में सक्रिय था।

मोबाइल फोन से खुलेंगे तस्करी के और राज

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बलजिंदर सिंह के पास से एक मारुति ब्रेजा कार, एक आईफोन 13 प्रो सहित तीन मोबाइल फोन और 4,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इन मोबाइल फोन से तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकेगी।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिकेश राम आजाद, सर्वेश सिंह, महताब अहमद, भागीचन्द्र प्रसाद व हे0का0 मो० खालिद खाँ सहित दुद्धी थाने के जवान शामिल रहे।

ये भी पढ़िए