(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। जनपद में जमीन और संपत्तियों की खरीद-बिक्री से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित नई मूल्यांकन सूची (सर्किल रेट) को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं सभी संबंधित पक्षों से एक सप्ताह के भीतर सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। इन पर विचार करने के बाद अंतिम सूची 1 अगस्त 2026 से लागू कर दी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार उपजिलाधिकारियों एवं उपनिबंधकों द्वारा संशोधन, परिवर्तन और विलोपन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी को सौंप दिए गए हैं। नई मूल्यांकन सूची खसरा संख्या आधारित अद्यतन आंकड़ों, भूमि की वास्तविक उपयोगिता तथा वर्तमान बाजार दरों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि संपत्तियों का मूल्यांकन अधिक पारदर्शी, व्यावहारिक और वास्तविक हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रस्तावित सूची पर प्राप्त सभी सुझावों एवं आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा। आवश्यक संशोधन के बाद अंतिम सर्किल रेट सूची जारी होगी, जो 1 अगस्त 2026 से पूरे जनपद में प्रभावी हो जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, बिल्डरों, भू-स्वामियों तथा अन्य हितधारकों से अपील की है कि यदि उन्हें प्रस्तावित मूल्यांकन सूची पर कोई सुझाव या आपत्ति है, तो निर्धारित अवधि के भीतर अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि अंतिम सूची सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जा सके।

