सोनभद्र। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत थाना जुगैल पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर/जबरन ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम और पीड़िताओं की सकुशल बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में थाना जुगैल पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को ग्राम गोठानी निवासी राधेश्याम भारती ने थाना जुगैल में सूचना दी कि 20 अगस्त की रात करीब एक बजे गांव का ही कन्हैया लाल भारती उसकी करीब 20 वर्षीय बहन को शादी करने के उद्देश्य से जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। सूचना के आधार पर थाना जुगैल में मु0अ0सं0-110/2026, धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर युवती और आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार तलाश करते हुए 25 अगस्त को युवती को रॉबर्ट्सगंज में शादी करने के लिए जाते समय बढ़ौली तिराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, इस दौरान आरोपी वाहन से मौके से फरार हो गया। युवती की बरामदगी के बाद पुलिस ने उसका बयान, चिकित्सीय परीक्षण तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलित किए।
इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी रखी गई। इसी क्रम में 25 अगस्त को सुबह करीब 11:30 बजे अगोरी खास किले के पास से कन्हैया लाल भारती (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक विपिन बिहारी राय, हेड कांस्टेबल शिवदास, हेड कांस्टेबल शमशेर यादव तथा कांस्टेबल अजय, थाना जुगैल शामिल रहे।

