(ऋषभ सिंह)सोनभद्र : के रायपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रायपुर गांव में ससुराल आए दम्पत्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर के अंदर पति का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी मृत अवस्था में चारपाई पर पड़ी मिली। घटना के समय घर में मौजूद दम्पत्ति का चार वर्षीय मासूम बेटा गुमसुम हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रायपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर दम्पत्ति के शव मिलने की सूचना सामने आई। बताया जा रहा है कि गुरौटी गांव निवासी विकास और उनकी पत्नी आरती एक दिन पहले ही अपने ससुराल रायपुर आए थे। सुबह घर के अंदर विकास का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी आरती का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पड़ोसियों ने तत्काल डायल-112 तथा स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद घर में मौजूद दम्पत्ति का चार वर्षीय बेटा सहमा और गुमसुम दिखाई दिया, जिसे देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

