सोनभद्र: बभनी में बालू लदा ट्रैक्टर पलटा, 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, तीन घायल

रन्दह बाजार के समीप अनियंत्रित होकर गहरे खेत में पलटा वाहन; ट्रैक्टर के नीचे दबने से गई जान


बभनी (सोनभद्र) सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की जान चली गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बालू से लदा एक अनियंत्रित ट्रैक्टर सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में पलट गया। इस दुर्घटना से इलाके में मातम पसर गया है।

खेत में पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से गई जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागसोती गांव से बालू लादकर एक ट्रैक्टर आसनडीह की ओर जा रहा था। रन्दह बाजार के समीप अचानक सामने से आई एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल को बचाने के फेर में ट्रैक्टर चालक ने अपना संतुलन खो दिया। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खेत में जा पलटा। इस हादसे में करचाटोला निवासी 17 वर्षीय अवधेश यादव पुत्र कैलाश यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल तीन युवक अम्बिकापुर रेफर

हादसे में करचाटोला निवासी राजेश (18), अरविंद (19) और छोटूराम (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंच गई। उपनिरीक्षक अखिलेश पाठक ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

ग्रामीण अंचलों में लगातार हो रहे सड़क हादसों और बेखौफ दौड़ते ओवरलोडेड वाहनों ने सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन यदि समय रहते अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर लगाम नहीं लगाता है, तो भविष्य में ऐसी और भी घटनाएं हो सकती हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि लापरवाह ड्राइवरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए।

ये भी पढ़िए