(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद भर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ हिंसा, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।

अभियान के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ओटीपी साझा न करने के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन पर देने की अपील की।
पुलिस ने महिलाओं और आमजन को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, महिला सहायता हेल्पलाइन 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में भी जानकारी प्रदान की। सोनभद्र पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

