सोनभद्र । जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति 5.0’ का दूसरा चरण जोर-शोर से चल रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में सोनभद्र पुलिस ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर समाज के हर वर्ग को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति सचेत किया है।
विद्यालयों और गांवों तक पहुंची पुलिस
जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने मोर्चा संभाला हुआ है। पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और ग्राम सभाओं में जाकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्हें ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में संवेदनशील जानकारी दी गई और संकट की स्थिति में आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। संवाद के माध्यम से लैंगिक समानता, बाल विवाह की कुरीति, महिलाओं के प्रति हिंसा और स्वास्थ्य व साक्षरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी। जागरूकता कार्यक्रमों में ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने विशेष रूप से जोर दिया कि कोई भी व्यक्ति अपना ओटीपी (OTP) या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
संकट के समय मददगार हैं ये हेल्पलाइन नंबर
पुलिस ने महिलाओं और आम नागरिकों को सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए उनका सही उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया:
आपातकालीन सेवा: 112, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन: 1090/1091, महिला सहायता हेल्पलाइन: 181, साइबर अपराध हेल्पलाइन: 1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
सोनभद्र पुलिस का यह अभियान न केवल महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा रहा है, बल्कि उन्हें अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक कर एक सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक सशक्त पहल है।

