सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण में सोनभद्र पुलिस ने अभियान को और तेज कर दिया है। शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में व्यापक अभियान
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों ने मोर्चा संभाला। टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और ग्राम सभाओं में जाकर महिलाओं और बच्चियों से सीधा संवाद किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लैंगिक समानता, बाल विवाह पर रोक, और महिलाओं के प्रति होने वाली हिंसा के खिलाफ समाज को एकजुट करना रहा। गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा की दी जानकारी आयोजित कार्यक्रमों में बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में विस्तार से समझाया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को विषम परिस्थितियों में आत्मरक्षा (Self-Defense) के तरीके बताए और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। इसके साथ ही स्वास्थ्य और साक्षरता के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। साइबर अपराधों से बचने की दी गई चेतावनी वर्तमान में बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस ने साइबर जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया। लोगों को जागरूक किया गया कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP साझा न करें संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें।
सहायता के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
पुलिस ने जनता को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित मदद मिल सके 112:आपातकालीन पुलिस सेवा, 1090/1091: महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 1930: साइबर अपराध रिपोर्टिंग,1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 181:महिला हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस का यह अभियान जनपद में महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।

