लीव भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर कलिंगा कंपनी के मजदूरों ने किया कार्य बहिष्कार

एनसीएल खड़िया परियोजना में सैकड़ों मजदूरों का प्रदर्शन, उच्चस्तरीय जांच की मांग

शक्तिनगर सोनभद्र : एनसीएल खड़िया परियोजना में ओबी (ओवरबर्डन) हटाने का कार्य कर रही खड़िया कलिंगा कंसोर्टियम प्राइवेट लिमिटेड के सैकड़ों मजदूरों ने गुरुवार को लीव भुगतान सहित विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया। मजदूरों ने कंपनी पर श्रमिक हितों की अनदेखी और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना है कि करीब एक वर्ष से उनके लीव (अवकाश) का भुगतान लंबित है। इसके अलावा बोनस भुगतान में भी देरी की जा रही है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी में पीने के पानी, शौचालय, मेस तथा सुरक्षा संबंधी पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। वहीं अधिकारियों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कुछ मजदूरों ने आरोप लगाया कि मांगों को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें ड्यूटी से बैठा दिया जाता है। एक श्रमिक ने बताया कि उसे बिना किसी नोटिस और कारण बताए पिछले तीन माह से कार्य से वंचित रखा गया है। उसका आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
मजदूरों का यह भी आरोप है कि कंपनी में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है तथा समय-समय पर जिम्मेदार अधिकारियों के बदल जाने से समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। उन्होंने कंपनी में सुरक्षा मानकों और श्रमिक सुविधाओं की भी जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कंपनी के अधिकारियों एवं मजदूरों के बीच वार्ता का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था। इसके चलते मजदूर अपनी मांगों को लेकर कार्य से विरत रहे।
मजदूरों ने एनसीएल प्रबंधन, जिलाधिकारी, श्रम विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार तथा केंद्र सरकार से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
स्थिति को देखते हुए मौके पर डायल-112 एवं शक्तिनगर थाना पुलिस तैनात रही। पुलिस के अनुसार क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है।

ये भी पढ़िए