अनपरा(सोनभद्र) नि०प्र० : अपनी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पद्धति के लिए जनपद सोनभद्र के लब्धप्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थान अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कम्प्यूटर
एप्लिकेशंस विभाग द्वारा “टैली प्राइम विद् जी०एस०टी०’ विषयक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला कुल चार सत्रों में सम्पन्न हुई जिसका आग़ाज़ प्रथम दिन महाविद्यालय स्थित सिंह शावक राम बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित उद्घाटन सत्र में वाग्देवी सरस्वती तथा पूज्य पाद अघोरेश्वर भगवान राम के चित्रों पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह पूर्वक हुआ। कार्यशाला के विधिवत उद्घाटन के तुरन्त बाद द्वितीय तकनीकी सत्र में

प्रशिक्षु विद्यार्थियों को कम्प्यूटर के सामान्य परिचय के साथ व्यापारिक और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कम्प्यूटर अनुप्रयोग का प्रशिक्षण दिया गया साथ ही उक्त परिप्रेक्ष्य में सर्वाधिक प्राथमिकता से इस्तेमाल किए जाने वाले साॅफ्टवेयर्स के बारे में तथ्यात्मक विमर्श आयोजित हुआ। कार्यशाला के दूसरे दिन आयोजित दोनों तकनीकी सत्रों में में मास्टर ट्रेनर श्री सुरेन्द्र गुप्त द्वारा टैली साफ्टवेयर के आधुनिक स्वरूप ‘टैली प्राइम विद जीएसटी’ का परिचय एक ऐसे लेखांकन और व्यावसायिक प्रबंधन सॉफ्टवेयर के रूप में कराया जो भारतीय व्यवसायों के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया है। यह सॉफ्टवेयर विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों जैसे लेखांकन और वित्तीय प्रबंधन, इनवॉइस और बिलिंग,जीएसटी प्रबंधन, स्टॉक और इन्वेंट्री प्रबंधन,
पेरोल और ह्यूमन रिसोर्स प्रबंधन
व्यावसायिक रिपोर्टिंग और विश्लेषण आदि का समुचित प्रबन्धन करता है।
उन्होंने ‘टैली प्राइम विद जीएसटी’ की मुख्य विशेषताओं यथा ,जीएसटी अनुपालन, व्यावसायिक प्रक्रियाओं का स्वचालन, वास्तविक समय में व्यावसायिक गतिविधियों की निगरानी, सुरक्षित और विश्वसनीय डेटा संग्रहण, व्यावसायिक रिपोर्टिंग और विश्लेषण के लिए उन्नत टूल्स आदि के बारे में भी प्रशिक्षुओं को महाविद्यालय की उच्च क्षमतायुक्त कम्प्यूटर प्रयोगशाला में अनुप्रयोगों के माध्यम से प्रशिक्षित किया। उक्त कार्यशाला में महाविद्यालय के कम्प्यूटर एप्लिकेशन विभाग तथा वाणिज्य संकाय के विद्यार्थी लाभान्वित हुए।
कार्यशाला के समापन सत्र में आयोजन सचिव श्री मुकेश गुप्त ने कहा कि यह सॉफ्टवेयर छोटे और मध्यम आकार के व्यवसायों के लिए उपयुक्त है, और यह विभिन्न उद्योगों में व्यावसायिक प्रबंधन को सरल और कुशल बनाने में मदद करता है। समापन सत्र में आयोजित कार्यक्रम में डाॅ० अजय कुमार सिंह, डाॅ० प्रीति मौर्या, डाॅ० नीलकण्ठ मिश्र, डाॅ० उभय शंकर द्विवेदी और डाॅ० आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित सभी प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी
उपस्थित रहे।
प्राचार्य डाॅ० अजय विक्रम सिंह ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण दायी संस्थाओं और विशेष रूप से मुख्य प्रशिक्षक श्री सुरेन्द्र गुप्त का अभिनन्दन किया तथा उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्रम तथा ज्योति स्तम्भ भेंट कर सम्मानित किया। विभागाध्यक्ष श्री धनेश कुमार गुप्त ने आभार ज्ञापन किया।

