अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारत रत्न डाॅ० ए०पी०जे० अब्दुल कलाम की जन्मजयन्ती पर कार्यशाला का आयोजन

अनपरा(सोनभद्र) नि०प्र० : जनपद सोनभद्र में तथा आस-पास के राज्यों में अपनी गुणवत्तापूर्ण और सामयिक शिक्षा पद्धति के लिए ख्यातिलब्ध अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय के कम्प्यूटर
एप्लिकेशन विभाग द्वारा भारतरत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ० ए० पी० जे० अब्दुल कलाम की चौरानबेवीं जन्मजयन्ती समारोह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर को विद्यार्थी कल्याणोन्मुख बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा “टैली प्राइम विद् जी०एस०टी०’ विषयक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। महाविद्यालय स्थित सिंह शावक राम बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यशाला के प्रथम सत्र में विद्या की अधिष्ठात्री वाग्देवी सरस्वती तथा पूज्य पाद अघोरेश्वर भगवान राम के चित्रों के पुष्पार्चन तथा भारतरत्न पूर्व राष्ट्रपति डॉ० ए० पी० जे० अब्दुल कलाम के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन हुआ।

तदुपरान्त विभाग के प्राध्यापकों द्वारा मंचस्थ अतिथियों तथा कार्यशाला के के मुख्य प्रशिक्षक श्री सुरेन्द्र गुप्त सहित ‘एच० सी० एस० बिजनेस सोल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड, बैढ़न, सिंगरौली मध्य प्रदेश’ तथा ‘थ्री स्टार सी०पी० बिज़नेस सोल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड, बैंगलोर के प्रशिक्षक मण्डल का माल्यार्पण और बैज अलंकरण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का विषय प्रवर्तन वनस्पति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डाॅ० नीलकण्ठ मिश्र ने किया और डाॅ० कलाम के अन्तरिक्ष, रक्षा, शिक्षा तथा चिकित्सा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए विशिष्ट अवदानों की चर्चा करते हुए दो दिवसीय कार्यशाला की सफलता की कामना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ० अजय विक्रम सिंह ने डाॅ० कलाम के सपनों का भारत बनाने हेतु युवान् शक्ति का आह्वान किया तथा कलाम साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व पर गम्भीर चर्चा के साथ पाॅवर प्वाइंट तथा शार्ट वीडियो के माध्यम से उपस्थित जन समूह को कार्यक्रम से जोड़ा तथा कलाम के जीवनादर्शों से परिचित होने तथा उन्हें जीवन में उतारने हेतु समृद्ध कलाम-वाङ्मय से किसी एक पुस्तक को पढ़ने की सलाह दी तथा उनके साथ अपनी स्मृतियों को भी सांझा किया। प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में “टैली प्राइम विद् जी०एस०टी०” विषयक कार्यशाला के विधिवत उद्घाटन की घोषणा की तथा आगामी दो दिनों तक चलने वाली कार्यशाला की सफलता का दायित्व कार्य समिति, कम्प्यूटर एप्लिकेशन विभाग एवं प्रशिक्षकों पर सौंपते हुए प्रशिक्षुओं से यह अपेक्षा की कि वे अपने ‘इग्नाइटेड माइण्डस’ से इस कार्यशाला का भरपूर लाभ उठाएंगे।
प्रथम सत्र का मुख्य आकर्षण विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कलाम विषयक पोस्टर प्रदर्शनी तथा स्लोगन प्रतियोगिता रही।
उक्त कार्यक्रम में डाॅ० अजय कुमार सिंह, डाॅ० प्रीति मौर्या, डाॅ० जयशंकर पाण्डेय, डाॅ० राजेश कुमार सिंह, डाॅ० सुभाष चन्द्र चौहान, डाॅ० अभय शंकर द्विवेदी, डाॅ० आलोक श्रीवास्तव, डाॅ० पुष्यमित्र तिवारी, श्री राजकुमार सिंह, श्री हरिनारायण यादव, श्रीमती नीलिमा जोशी, श्रीमती सुनीता सिंह, श्रीमती माधुरी मिश्रा, श्रीमती प्रज्ञा सिंह तथा डाॅ० अनीता यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विभाग की प्रतिभाशाली छात्राओं अंशिका एवं हर्षिता द्वारा किया गया तथा तकनीकी सहयोग मंतेश जायसवाल द्वारा किया गया। प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर विभागाध्यक्ष श्री धनेश गुप्त तथा आयोजन सचिव श्री मुकेश कुमार गुप्त ने कार्यक्रम के प्रथम सत्र को सफल बनाने के लिए संयुक्त रूप से सभी का आभार प्रकट किया।

ये भी पढ़िए