चंदौली के ITI रेवासा में ‘उद्यमी लॉन्चपैड’ की कार्यशालाएं संपन्न, युवाओं को स्वरोजगार का मिला मार्गदर्शन

रिपोर्ट : मदन मोहन चंदौली। रेवासा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (MSME UP) तथा ‘सीएम युवा’ (CM YUVA) योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘उद्यमी लॉन्चपैड’ के अंतर्गत One-Day Capacity Building Workshop-I एवं Workshop-II का आयोजन किया गया। कार्यशालाओं में स्थानीय युवाओं, नवोदित उद्यमियों, बैंक समन्वयकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने प्रदेश सरकार की ‘सीएम युवा’, ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) तथा MSME योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को व्यवसाय के अवसर तलाशने, प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने, बैंक ऋण के लिए आवेदन करने, उद्योग पंजीकरण तथा डिजिटल मार्केटिंग की आधुनिक तकनीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।


कार्यक्रम में विभागीय समन्वय और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने लाभार्थियों के चयन, दस्तावेजों के सत्यापन और आवेदनों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया समझाई। साथ ही MIS ट्रैकिंग एवं ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणाली के माध्यम से योजनाओं की प्रगति पर नजर रखने की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, आशीष मिश्रा (अग्रणी जिला प्रबंधक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), धर्मेंद्र कुमार सिंह (अपर सांख्यिकी अधिकारी), ध्रुव सिंह (सहायक आयुक्त, उद्योग) तथा अमित सिंह (नॉलेज पार्टनर, समाधान टीम) सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यशाला के दौरान युवाओं एवं उद्यमियों ने योजनाओं और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने समाधान किया। अधिकारियों ने युवाओं को स्वरोजगार अपनाने, उद्यम स्थापित करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यशाला के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपना व्यवसाय शुरू करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

ये भी पढ़िए