सोनभद्र: पुलिस टीम पर हमला करने वाले 09 आरोपी गिरफ्तार, सरकारी काम में बाधा डालने और वाहन तोड़ने का मामला

म्योरपुर (सोनभद्र)। जनपद के म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस घटना में संलिप्त कुल 09 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
क्या था पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (06 जून 2026) की रात म्योरपुर पुलिस की टीम एक पीड़िता को सुरक्षित उसके घर (ग्राम पड़री कमरीडाड़) छोड़कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान विपक्षीगणों और उनके साथियों ने संगठित होकर लाठी-डंडा, बांस, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
हमले में पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं और सरकारी वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों ने न केवल सरकारी काम में बाधा डाली, बल्कि लोक सेवकों के साथ मारपीट कर कानून-व्यवस्था को चुनौती दी।
पुलिस की कार्रवाई
इस गंभीर घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर थाना म्योरपुर में सुसंगत धाराओं (बीएनएस की धारा 191(2), 121(1), 132, 352, 351(3), लोक संपत्ति निवारण अधिनियम और सीएलए एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
म्योरपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आज (07 जून) दोपहर लगभग 12:44 बजे एयरपोर्ट रोड स्थित कर्बला के पास से 09 नामजद आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
पकड़े गए आरोपियों में जितेन्द्र कुमार, राहुल शर्मा, धनेश्वर, राम सुशील, रोहित शर्मा, गुलाब शर्मा, रेखा, उर्मिला और संजू शामिल हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी पड़री कमरीडाड़ गांव के निवासी हैं।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल:
आरोपियों की धर-पकड़ में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गुलाब सोनकर, जितेन्द्र नाथ राम, वीरेन्द्र यादव, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार यादव सहित कांस्टेबल संदीप पाल, अनिल कुमार, अजीत कुमार, अनुराग और महिला कांस्टेबल साक्षी कुमारी व अवन्तिका सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

ये भी पढ़िए