सोनभद्र। आगामी श्रावण मास में जनपद के प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। सोमवार को पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों एवं संपर्क मार्गों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख शिवालयों और मेला क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट और डायवर्जन प्लान लागू करने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, पैदल एवं वाहनों के लिए अलग मार्ग तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जाम की स्थिति से निपटने के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने को भी कहा गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख मंदिरों और मेला स्थलों पर चिकित्सा दल, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निकाय, विद्युत, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी समय से सभी तैयारियां पूरी करने के लिए कहा गया।
बैठक के अंत में डीएम चर्चित गौड़ और एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और शांतिपूर्ण दर्शन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रावण मास के सभी धार्मिक आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

