(मदन मोहन)चंदौली : जिले के नौगढ़ विकास खंड अंतर्गत स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय बजरडीहा में बीती रविवार रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर कार्यालय में रखे सोलर इन्वर्टर और बैटरियों पर हाथ साफ कर दिया।
ब्लेड से काटी कुंडी, मौके पर मिला रंभा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने रविवार की रात विद्यालय कार्यालय का ताला तोड़ा और ब्लेड से कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोर वहां रखा 3KV का सोलर इन्वर्टर और चार बैटरियां चुरा ले गए।
सोमवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने जब विद्यालय का ताला टूटा देखा, तो इसकी सूचना फोन के माध्यम से विद्यालय प्रशासन को दी। सूचना पाकर पहुंचे विद्यालय स्टाफ को परिसर से चोरों द्वारा छोड़ा गया एक रंभा (लोहे की छड़) भी बरामद हुआ है।
थाने में दी गई तहरीर, FIR दर्ज करने की मांग
घटना के संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि प्रकाश ने चकरघट्टा थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

