20 कार्टून में 1000 शीशियां बरामद, अनपरा पुलिस ने शराब तस्करी का किया भंडाफोड़

सोनभद्र। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अनपरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक महिन्द्रा जाइलो कार से 180 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद शराब, वाहन व अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 01 अगस्त 2026 को अनपरा पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम करहिया स्थित सद्दाम के बंद ईंट-भट्ठे के पास एक महिन्द्रा जाइलो कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली तो मध्य सीट और डिग्गी से 20 कार्टून बरामद हुए। कार्टूनों की जांच में गोवा ब्रांड व्हिस्की की 1000 शीशियां, कुल 180 लीटर शराब मिली। शीशियों पर “FOR SALE IN MADHYA PRADESH ONLY” अंकित था। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।


मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ ले जाने की बात कबूली


गिरफ्तार आरोपी की पहचान मकबूल खान पुत्र मो. मजीबुल्ला, निवासी ग्राम कुल्डींह, थाना सनावल, जनपद बलरामपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शराब मध्य प्रदेश के शक्तिनगर बॉर्डर स्थित सरकारी दुकान से खरीदकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहा था।


शराब के साथ जाइलो और नकदी भी बरामद


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 180 लीटर शराब (अनुमानित कीमत 1.35 लाख रुपये), महिन्द्रा जाइलो कार (कीमत करीब 4 लाख रुपये), एक हजार रुपये नकद और ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में थाना अनपरा में मु0अ0सं0-172/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वाहन जब्ती के लिए धारा 72 आबकारी अधिनियम के तहत जिला मजिस्ट्रेट को रिपोर्ट भेजी जा रही है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।


इनकी रही अहम भूमिका


कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणन प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अशोक सिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार यादव, कांस्टेबल अजीत यादव एवं शशिभूषण शामिल रहे। सोनभद्र पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़िए