रेलवे ट्रैक पर मिला 67 वर्षीय एलआईसी अभिकर्ता का शव, ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

टहलने निकले थे घर से, देर रात रेलवे ट्रैक के पास मिला शव; परिजनों में मचा कोहराम

दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र । स्थानीय थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग के अंडरपास पुल के ऊपर शनिवार की रात करीब आठ बजे ट्रेन की चपेट में आने से 67 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान निमियाडीह निवासी लड्डूराम अग्रहरि (67) पुत्र स्व. सरजू साव के रूप में हुई। वह भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) से जुड़े रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड्डूराम के सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनका शव रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के छोटे भाई एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाश कुमार गुप्त ने बताया कि लड्डूराम शनिवार शाम टहलने के लिए घर से निकले थे। अंडरपास के नीचे पानी होने के कारण वह किनारे से ऊपर की ओर टहलते हुए जा रहे थे। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान रेलवे लाइन के पास उनका शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
लड्डूराम अग्रहरि के निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों और गांव-नगर में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से परिचितों और शुभचिंतकों में भी गहरा दुख है।

ये भी पढ़िए