(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी सोनभद्र। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी सोनभद्र चर्चित गौड़ को ज्ञापन सौंपा। भाजपा पदाधिकारियों ने जर्जर सड़कों के निर्माण, बस स्टैंड की स्थापना, प्राचीन मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने सहित कई जनहित की मांगें प्रमुखता से उठाईं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने श्मशान घाट जाने वाले जर्जर मार्ग का निर्माण कराने तथा स्टेट की खाली पड़ी भूमि पर बस स्टैंड बनाए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वहीं, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने टाउन दुद्धी से मल्देवा, बराईडाड़, जाबर, शाहपुर और पीपरडीह को जोड़ने वाले टेढ़ी बंधा मार्ग की विधिवत पैमाइश कर नक्शे के अनुसार पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह सैकड़ों वर्ष पुराना मार्ग गांवों को शहर से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराकर बहाल किए जाने से ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
सभासद एवं भाजपा मंडल महामंत्री प्रेम नारायण सिंह ने सब्जी मंडी से डिग्री कॉलेज तक जर्जर सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। वहीं पीयूष कुमार कसेरा ने नगर पंचायत दुद्धी क्षेत्र में इंडियन गैस बुकिंग की अवधि को शहरी क्षेत्र के लिए निर्धारित 25 दिनों के बजाय ग्रामीण क्षेत्र की तर्ज पर 45 दिन किए जाने की मांग रखी।
भाजपा पदाधिकारियों की जनहित से जुड़ी सभी मांगों को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मांगों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई एवं आवश्यक निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य सुमित सोनी, पूर्व मंडल महामंत्री मनीष जायसवाल, प्रिंस कुमार अग्रहरी, पीयूष कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

