शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण पर डीएम चर्चित गौड़ ने दिया जोर, लापरवाही पर सख्ती के निर्देश
सोनभद्र। शासन की मंशा के अनुरूप अगस्त माह के प्रथम शनिवार को जिले की चारों तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दुद्धी तहसील में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुद्धी में भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने टीम गठित कर स्थलीय जांच कराने और मौके की वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद ही निस्तारण आख्या प्रस्तुत की जाए।
चारों तहसीलों में 325 शिकायतें, 33 का मौके पर समाधान
दुद्धी तहसील में 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 8 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 81 प्रकरणों को समयबद्ध ढंग से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
रावर्टसगंज तहसील में उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 85 शिकायतों में से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष 75 मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ओबरा तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां 86 शिकायतें सुनी गईं और 7 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 79 प्रकरणों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
घोरावल तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। अधिकारियों ने 65 शिकायतें सुनीं, जिनमें 8 मामलों का मौके पर समाधान किया गया। शेष 57 प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस प्रकार जिले की चारों तहसीलों में कुल 325 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें 33 मामलों का मौके पर निस्तारण हुआ। शेष 292 प्रकरणों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

