(ऋषभ सिंह)सोनभद्र : चोपन थाना क्षेत्र स्थित करगरा गांव के सामने अघोरी किले के पास सोन नदी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मछली पकड़ने गए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर मगरमच्छ ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर कई स्थानों पर मगरमच्छ के दांतों के गहरे निशान हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग सोन नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान अनजाने में उनका पैर पानी में मौजूद मगरमच्छ पर पड़ गया। इससे मगरमच्छ बुरी तरह उग्र हो गया और उसने बुजुर्ग को दबोच लिया। बुजुर्ग की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल बुजुर्ग को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग को भी तत्काल सूचना दे दी गई है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और मगरमच्छों की निगरानी की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ महीने पहले सोन नदी में मगरमच्छ के एक दर्जन से अधिक बच्चों को छोड़ा गया था। अब पहली बार हुए इस जानलेवा हमले ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने नदी में मछली पकड़ने, स्नान करने और अन्य गतिविधियों पर खतरा बढ़ने की आशंका जताई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने, चेतावनी बोर्ड लगाने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। घटना की जांच के बाद वन विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।

