अनपरा/सोनभद्र। अपराधियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की लगातार जारी कार्रवाई में अनपरा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित गैंगलीडर संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी पिपरी के पर्यवेक्षण में अनपरा पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना अनपरा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 171/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त संजय यादव पुत्र राजेश यादव, निवासी पड़रछ झिरगाडंडी, थाना कोन, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 20 वर्ष को 1 अगस्त 2026 को सुबह 9:30 बजे गिरफ्तार किया गया।
अपराधियों पर लगातार कस रहा शिकंजा
अनपरा पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। गैंगस्टर एक्ट के वांछित गैंगलीडर की गिरफ्तारी से पुलिस की सक्रियता और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है। पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहने की बात कही गई है। गिरफ्तारी टीम गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयशंकर राय, चौकी प्रभारी रेनूसागर, थाना अनपरा तथा हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह यादव शामिल रहे।

