रेणुकूट (सोनभद्र)। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर रेणुकूट के खिलाड़ी रवि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत का तिरंगा शान से लहराया। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जेनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने थाईलैंड के पटाया शहर में आयोजित 9वीं हीरोज ताइक्वांडो इंटरनेशनल चैंपियनशिप-2026 में पुरुष वर्ग के अंडर-58 किलोग्राम भार वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के साथ ही उत्तर प्रदेश, सोनभद्र और रेणुकूट का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 32 देशों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच रवि सिंह ने बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास और दमदार प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक अपने नाम किया। रेणुकूट निवासी रवि सिंह, स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता, टीम कोच हरप्रीत सिंह, राकेश कुमार, रंजीत सूरज सहित अपने सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार, कोच और सहयोगियों के मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का हौसला दिया।
रवि सिंह की इस उपलब्धि पर हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के यूनिट प्रमुख समीर नायक, क्लस्टर एचआर हेड जसबीर सिंह, एचआर हेड अजय सिन्हा तथा बॉयलर को-जेनरेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और सहकर्मियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। रवि की अंतरराष्ट्रीय सफलता की खबर मिलते ही उनके परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और हिण्डालको परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों से भी लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रवि सिंह की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है।

