सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी ने आज एक प्रेस वार्ता आयोजित कर प्रदेश की भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को जिले के इतिहास का ‘सबसे काला अध्याय’ करार दिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग जनहित को ताक पर रखकर अपनी जेबें भरने और कॉरपोरेट घरानों की दलाली में व्यस्त हैं।
खनन माफियाओं को संरक्षण का आरोप
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने आरोप लगाया कि सोनभद्र में मंत्रियों के संरक्षण में ‘माफिया राज’ फल-फूल रहा है। उन्होंने कहा कि जिले की धरती से निकलने वाली बालू और गिट्टी स्थानीय गरीब जनता को दोगुनी कीमत पर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। संसाधनों की इस खुली लूट के कारण आम आदमी का अपना घर बनाना भी सपना हो गया है।

“अडानी की दलाली और आदिवासियों का विस्थापन बर्दाश्त नहीं”
कांग्रेस ने नगवा ब्लॉक में भूमि अधिग्रहण और जंगलों की कटाई को लेकर सरकार को कड़ी चेतावनी दी है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार अपने ‘आका’ अडानी की कंपनी को लाभ पहुँचाने के लिए आदिवासियों को उनकी जल, जंगल और जमीन से बेदखल कर रही है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की कॉरपोरेट परस्ती को कतई सहन नहीं किया जाएगा।
ऊर्जांचल का दर्द और बिजली की समस्या
देश को रोशन करने वाले ‘ऊर्जांचल’ के खुद अंधेरे में होने पर कांग्रेस ने गहरा आक्रोश जताया। रामराज सिंह गोंड ने कहा कि प्रदूषण की मार झेलने वाले स्थानीय निवासी आज भी अघोषित बिजली कटौती और भारी-भरकम बिलों से परेशान हैं। उन्होंने स्थानीय मंत्रियों को घेरते हुए कहा कि सत्ता के नशे में डूबे नेताओं को जनता के प्रति शर्म आनी चाहिए और जिलेवासियों को मुफ्त या रियायती दरों पर बिजली मिलनी चाहिए।
रोजगार और किसान हित पर तीखे सवाल
कांग्रेस ने स्थानीय युवाओं के लिए उद्योगों में 80% नौकरियों की लिखित कानूनी गारंटी की मांग की है। उन्होंने कहा कि बड़े उद्योगों में बाहरी लोगों को मलाई खिलाई जा रही है जबकि यहाँ के शिक्षित युवा दर-दर भटक रहे हैं। वहीं, सिंचाई योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए किसानों के कर्ज माफी और मुफ्त सिंचाई पानी की मांग रखी गई।
“सड़कों पर होगा मंत्रियों का घेराव”
अंत में, कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि नगवा ब्लॉक के आदिवासियों का विस्थापन नहीं रुका और जनता की माँगों पर सुनवाई नहीं हुई, तो पार्टी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्रियों के घरों का घेराव करने से लेकर चक्का जाम तक करने को तैयार हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद, पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, पिछड़ा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सेतराम केशरी, आरटीआई जिला अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, जिला महासचिव दयाशंकर पांडे और पिछड़ा प्रकोष्ठ कार्यवाहक अध्यक्ष दिनेश यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

