12 साल बेमिसाल’: रॉबर्ट्सगंज में भाजपा का जनसंपर्क अभियान, व्यापारियों से साझा की केंद्र सरकार की उपलब्धियां

रॉबर्ट्सगंज (रँगेश सिंह)सोनभद्र। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्षों के सफल कार्यकाल और 4399 दिनों की ऐतिहासिक जनसेवा के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘12 साल बेमिसाल’ जनसंपर्क अभियान के तहत आज रॉबर्ट्सगंज नगर में व्यापारियों के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने स्थानीय व्यवसायियों से भेंट कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

व्यापार सुगमता पर विशेष जोर

अभियान के दौरान भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी बंधुओं से संपर्क किया। संवाद के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।
अशोक मिश्रा ने कहा, “मोदी सरकार ने जीएसटी प्रणाली के सरलीकरण, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ (व्यापार सुगमता) के माध्यम से देश के कारोबारी वातावरण को न केवल सरल बनाया है, बल्कि इसे और अधिक सशक्त भी किया है। इसका सीधा लाभ छोटे और बड़े सभी प्रकार के उद्यमियों को मिल रहा है।”

राष्ट्र निर्माण का संकल्प

इस संपर्क अभियान के दौरान व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। व्यवसायियों ने राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सरकार की विभिन्न जनहितैषी नीतियों की जानकारी भी साझा की, जिससे आमजन को मिलने वाले लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस जनसंपर्क कार्यक्रम में प्रमुख रूप से भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, पूर्व चेयरमैन कृष्ण मुरारी, धीरेन्द्र पाण्डेय, अमन वर्मा, लालू सोनी सहित पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी बंधु भारी संख्या में उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए