सोनभद्र में 9 महिलाएं सम्मानित,नुक्कड़ नाटक से सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया

सोनभद्र : रॉबर्ट्सगंज में ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामलीला मैदान में हुए इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने की। इसमें सदर विधायक भूपेश चौबे और घोरावल विधायक अनिल मौर्या मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए।

छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए

इस दौरान विद्यालय की छात्राओं को सुरक्षा, उनके अधिकारों और विभिन्न सरकारी अभियानों की विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को महिला एवं बाल सुरक्षा, ‘गुड टच-बैड टच’, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।

छात्राओं को 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (बाल हेल्पलाइन) और 112 (आपातकालीन सेवा) जैसे टोल फ्री नंबरों के बारे में बताया गया। उन्हें आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत एक नुक्कड़ नाटक से हुई। इस नाटक के माध्यम से बालिकाओं ने आत्मरक्षा, लैंगिक समानता और महिला सशक्तिकरण पर प्रभावशाली संदेश दिया, जिसने उपस्थित जनसमूह को काफी प्रभावित किया।

साहसिक कार्यों के लिए दो महिला आरक्षियों सहित कुल नौ महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान समाज में महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा में उनके सराहनीय योगदान के लिए दिया गया।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित अधिकारियों द्वारा मिशन शक्ति की भावना को आत्मसात करते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रुबी प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए