12 लाख के मादक पदार्थ के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

सोनभद्र : पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अन्तर जनपदीय तस्करी से जुड़े तीन सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े हैं उनमें एक महिला भी शामिल है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत 12 लाख बताई जा रही है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से नेटवर्क खंगालने में जुटे हुए हैं।

मादक पदार्थों की अवैध बिक्री में संलिप्त महिला सहित तीन अंतर जनपदीय तस्करों को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 120 ग्राम हेरोइन की खेप बरामद हुई है। बरामद हेरोइन की कीमत 12 लाख रुपये है। मामले में तीन अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली परिसर में एएसपी कालू सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर परासी स्थित शहीद उद्यान के पास से महिला समेत तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

उनकी पहचान म्योरपुर के कुंडाडीह निवासी मनीषा सिंह, प्रयागराज के मांडा निवासी चंद्रकांत गौतम और धर्मवीर उर्फ पंकज सरोज के रूप में हुई। पूछताछ में मनीषा ने बताया कि चंद्रकांत गौतम व धर्मवीर उर्फ पंकज उससे हेरोइन खरीदने के लिए प्रयागराज से रॉबर्ट्सगंज आए थे।

उन्हें 120 ग्राम हेरोइन देने के लिए वह म्योरपुर आई, लेकिन कम पैसा होने के कारण सिर्फ 90 ग्राम हेरोइन ही उन्हें दिया था। शेष उसके पास है। मनीषा ने बताया कि धर्मवीर उर्फ पंकज की उसके पिता जितेंद्र उर्फ मुन्ना से मुलाकात गुरमा जेल में हुई थी। जब दोनों जेल से बाहर आए तो हेरोइन बेचना शुरू कर दिए।

वहीं चंद्रकांत ने बताया कि वह इससे पहले जौनपुर में हेरोइन, बरेली में नकली नोट और बिहार में गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। अपने मित्र धर्मवीर उर्फ पंकज के कहने पर रॉबर्ट्सगंज से हेराइन लेने आया था। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा, कस्बा चौकी प्रभारी कमल नयन दुबे आदि शामिल रहे।

ये भी पढ़िए