जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर स्वच्छता, फॉगिंग, स्वास्थ्य जांच और जनजागरूकता अभियान तेज
सोनभद्र,। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले ग्रामों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के साथ ग्राम प्रधान सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ग्रामीणों को संक्रामक रोगों से बचाव, स्वच्छता तथा व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के तहत गांवों में झाड़ियों की कटाई, नालियों की सफाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, शौचालय निर्माण, फॉगिंग तथा जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। अब तक 2,416 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 2,421 हैंडपंपों की मरम्मत, 1,031 हैंडपंप चबूतरों की मरम्मत, 638 शौचालयों का निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 1,340 और शहरी क्षेत्रों में 1,397 नालियों की सफाई का कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा ग्राम सभाओं, प्रभात फेरियों एवं कृंतक नियंत्रण संबंधी गोष्ठियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। दस्तक अभियान के अंतर्गत घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण में अब तक 4,843 बुखार पीड़ितों की पहचान की गई है। इनमें से 4,757 लोगों की आरडीटी किट से जांच की गई, जिसमें 9 मलेरिया संक्रमित पाए गए। इसके अलावा 528 आईएलआई (खांसी-जुकाम) लक्षणयुक्त, 172 संभावित क्षय रोग (टीबी) के मरीज तथा 119 संभावित डायरिया रोगियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को संदर्भित किया गया है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, समयबद्ध सर्वेक्षण और रोगियों के त्वरित उपचार को सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद को संचारी रोगों के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।

