सोनभद्र : के कोन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। निगाई गांव में एक देवर ने अपनी भाभी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना गुरुवार सुबह की है। सुनील पासवान शराब पीने के लिए घर से महुआ बेचने जा रहा था। उसकी पत्नी नीतू देवी ने महुआ बेचने से मना किया।
इस बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। सुनील ने गुस्से में अपनी पत्नी को डंडे से पीटना शुरू कर दिया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर सुनील की भाभी मालवंती देवी मौके पर पहुंचीं। मालवंती गोविंद पासवान की पत्नी थीं। वह देवर-देवरानी का झगड़ा रोकने की कोशिश कर रही थीं।
इसी दौरान गुस्साए सुनील ने भाभी मालवंती पर भी डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से 45 वर्षीय मालवंती की मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता के अनुसार मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुध्दी भेज दिया गया है। घटना के बाद से आरोपी सुनील फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

