मकान विवाद और अंधविश्वास बना हत्या की वजह, एसओजी और पन्नूगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी
पन्नूगंज (सोनभद्र)। थाना पन्नूगंज क्षेत्र के रामगढ़ कस्बे में शनिवार की रात एक 12 वर्षीय बालक आर्यन गुप्ता की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्याभियुक्त दिवाकर गुप्ता को आलाकत्ल (चाकू) के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घात लगाकर किया हमला
घटना शनिवार रात करीब 8:15 बजे की है। मृतक आर्यन गुप्ता अपने साथी राज चौहान के साथ खेल कर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी दिवाकर गुप्ता (20 वर्ष) ने दोनों बच्चों को अंधेरे में दबोच लिया और धारदार चाकू से आर्यन का गला रेत दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा सहित उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की थीं।
मकान विवाद और ‘जादू-टोना’ की रंजिश
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त दिवाकर गुप्ता ने रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि बंटवारे का विवाद: वादी पक्ष और अभियुक्त के बीच काफी समय से मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। अंधविश्वास: अभियुक्त को शक था कि मृतक की मां उसके परिवार पर ‘जादू-टोना’ करती है, जिससे उनके घर में तनाव रहता था।पुरानी रंजिश: करीब 15 साल पहले अभियुक्त के भाई की जलकर मौत हो गई थी। दिवाकर को शक था कि उस घटना में भी वादी पक्ष का ही हाथ था। इन्हीं वजहों से क्षुब्ध होकर उसने मासूम की जान ले ली।
नहर पुलिया के पास से दबोचा गया कातिल
रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे पुलिस टीम ने सटीक सूचना पर पकरहट नहर पुलिया (राकी गांव) के पास से अभियुक्त दिवाकर गुप्ता को घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम की सराहना: सफलतापूर्वक अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह, एसओजी प्रभारी राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक और हमराही बल शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्यवाही की सराहना की है।

