कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए शाहगंज में युद्धस्तर पर सफाई अभियान

डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी, जिला पंचायत व नगर पंचायत ने संभाली कमान, जेसीबी से हटाया जा रहा कीचड़ व मलबा

सोनभद्र। श्रावण मास में शिवद्वार आने-जाने वाले कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर शाहगंज (घोरावल) बाजार में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत एवं नगर पंचायत की संयुक्त टीमों द्वारा बाजार की सड़कों को स्वच्छ और आवागमन के लिए सुगम बनाने का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
अभियान के तहत लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर सड़कों पर जमा कीचड़ एवं मलबे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही जिला पंचायत एवं नगर पंचायत की टीमों द्वारा नालियों की सफाई, कूड़ा-करकट उठाने तथा बाजार क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
बताया गया कि जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने एक दिन पूर्व शाहगंज बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया था। इस दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।
डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास में शिवद्वार आने वाले कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मार्गों की नियमित सफाई के साथ जल निकासी व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद संबंधित विभागों की टीमें लगातार अभियान में जुटी हुई हैं। सड़कों से कीचड़ और मलबा हटाने के साथ नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान में गुणवत्ता और नियमितता बनाए रखने तथा कांवड़ यात्रा अवधि में स्वच्छता एवं आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ये भी पढ़िए