सपा की बैठक में नीरेंद्र सिंह गोंड की जीत की रणनीति पर मंथन

गोंडवाना भवन में कार्यकर्ताओं ने संगठन मजबूत करने और जनता से जुड़ने का लिया संकल्प

दुद्धी (जितेंद्र कुमार चन्द्रवंशी)सोनभद्र। कस्बा स्थित डीसीएफ कॉलोनी के गोंडवाना भवन में बुधवार को समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अवधनारायण यादव ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता जनेश्वर मिश्र की जयंती भी मनाई गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया। पर्यावरण संरक्षण, मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने तथा विश्व आदिवासी दिवस के आयोजन को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से सपा के प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने और संगठन को सक्रिय करने पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए दुद्धी विधानसभा के प्रभावी प्रत्याशी नीरेंद्र सिंह गोंड ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से परेशान है। उन्होंने पेपर लीक की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध न होने और वितरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन इन समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
बैठक में विनोद सिंह गोंड, जगदीश प्रसाद यादव, कल्याण खान, नागेंद्र यादव, हरिशंकर यादव, अजय यादव, गौस मोहम्मद खान, राजकुमार, रामलाल, अनवर अली, प्रेमसागर पांडे, गोविंदा विश्वकर्मा, कौशल्या देवी, आशा रावत, सोना बेगम सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए