श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं का किया निरीक्षण; शाहगंज बाजार में गंदगी मिलने पर जताई नाराजगी
सोनभद्र। श्रावण मास में शिवद्वार मंदिर में उमड़ने वाली कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिवद्वार मंदिर पहुंचकर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, मंदिर परिसर एवं आसपास की साफ-सफाई, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर तथा मेले के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत घोरावल को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई के साथ पर्याप्त पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।
शाहगंज बाजार में गंदगी देख डीएम नाराज
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसपी ने शाहगंज बाजार का भी जायजा लिया। यहां सड़कों पर गंदगी और कीचड़ मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा सड़क किनारे निर्माणाधीन नाले में आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर स्वच्छता, सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी घोरावल विशाल कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एस.के. सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

