सोनभद्र, ; भारत मौसम विज्ञान विभाग, क्षेत्रीय मौसम केंद्र लखनऊ की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोनभद्र में मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिले के लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाएं अचानक होती हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने खराब मौसम, तेज गर्जना या बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों, खेतों, पहाड़ियों, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों तथा नदी, तालाब, झरने व अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी। मौसम खराब होने पर तत्काल किसी सुरक्षित पक्के भवन में शरण लेने को कहा गया है।
सचेत और दामिनी ऐप डाउनलोड करने की अपील
डीएम ने लोगों से भारत सरकार के ‘सचेत (SACHET)’ और भारत मौसम विज्ञान विभाग के ‘दामिनी (Damini)’ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की अपील की। सचेत ऐप के जरिए मौसम, भारी बारिश, वज्रपात, बाढ़ सहित विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से जुड़ी आधिकारिक चेतावनियां समय पर प्राप्त की जा सकती हैं।
वहीं दामिनी ऐप आकाशीय बिजली की पूर्व चेतावनी देने में मदद करता है। ऐप पर वज्रपात का अलर्ट मिलने पर खुले स्थान को तत्काल छोड़कर सुरक्षित पक्के भवन में जाने तथा पेड़, बिजली के खंभे, ऊंचे स्थान और जलस्रोतों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
गांवों में चेतावनी का व्यापक प्रचार कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों, ग्राम सचिवों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने और सचेत-दामिनी ऐप डाउनलोड कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही मौसम विभाग की चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि “सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। मौसम विभाग की समय पर प्राप्त चेतावनी का पालन कर जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।”
आपात स्थिति में इन नंबरों पर दें सूचना
जिला प्रशासन ने आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम-1077 अथवा 05444-297645 पर सूचना देने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है।
प्रशासन का संदेश—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी सावधानी ही आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा है।

