सोनभद्र: एसओजी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी तस्कर दबोचा

लाखों की हेरोइन के साथ पकड़ा गया शातिर अपराधी ‘बंटी’, दर्ज हैं 11 मुकदमे

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ₹25,000 के इनामी वांछित अभियुक्त प्रतीक कुमार उर्फ बंटी को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹2,20,000 बताई जा रही है।
घेराबंदी कर गोरारी के पास से पकड़ा


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार रात करीब 10:26 बजे आर्यन एकेडमी (ग्राम गोरारी) के पास घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने आरोपी प्रतीक कुमार उर्फ बंटी (21 वर्ष) निवासी जैत को दबोच लिया। जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से 22 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी


पकड़ा गया अभियुक्त प्रतीक कुमार पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस (ड्रग्स तस्करी) सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वह हाल के कई मामलों में वांछित चल रहा था, जिसके चलते पुलिस अधीक्षक ने उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया था।


संयुक्त टीम की रही अहम भूमिका


इस गिरफ्तारी में रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, एसओजी प्रभारी राजेश जी चौबे, नई बाजार चौकी प्रभारी धर्मनारायण भार्गव और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़िए