सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति 5.0’ के द्वितीय चरण के तहत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूल, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
विधिक अधिकारों और हेल्पलाइन की दी जानकारी अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बालिकाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में समझाया और आत्मरक्षा के गुर सिखाए। इसके साथ ही बाल विवाह, लैंगिक समानता और साक्षरता जैसे सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्हें महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। महिलाओं को किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 181) के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए पुलिस ने साइबर जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया। ग्रामीणों और छात्रों को ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करें और धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें। प्रमुख हेल्पलाइन नंबर: 112: आपातकालीन सेवा 1090: महिला पावर लाइन 1930: साइबर अपराध सहायता 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

