चोपन में गूँजी शहनाई: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 324 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

सोनभद्र (ब्यूरो)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को चोपन के रेलवे फुटबॉल मैदान में भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के कुशल पर्यवेक्षण में आयोजित इस समारोह में 324 जोड़ों का विवाह उनके रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें 322 हिंदू और 02 मुस्लिम जोड़े शामिल थे।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में समाज कल्याण राज्य मंत्री श्री संजीव गोंड और अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री जीत सिंह खरवार उपस्थित रहे। अतिथियों के साथ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया ने वर-वधू का कन्यादान कर उनके सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
भव्य आयोजन में जनपद के पांच विकास खंडों से पात्र जोड़ों ने प्रतिभाग किया:चोपन: 77 जोड़े ,दुद्धी: 68 जोड़े, कोन: 65 जोड़े,म्योरपुर: 59 जोड़े
बभनी: 55 जोड़े

उपहारों की हुई वर्षा, खाते में भेजी गई सहायता राशि

शासनादेश के अनुसार, प्रत्येक जोड़े पर 1,00,000 रुपये का व्यय निर्धारित है। इसमें से: 60,000 रुपये: कन्या के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजे गए।
25,000 रुपये: गृहस्थी के सामान हेतु, जिसमें पायल-बिछिया, गद्दा-तकिया, साड़ी, डिनर सेट, सीलिंग फैन, प्रेस और कलाई घड़ी शामिल रही। 15,000 रुपये: भोजन, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए।
विशेष सहयोग: बिरला कार्बन रेनुकूट द्वारा भी नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट किए गए।

नशा मुक्ति का संदेश और योजनाओं का प्रचार

कार्यक्रम स्थल पर ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ और सामूहिक विवाह के लिए आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए थे। साथ ही समाज कल्याण विभाग की अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में भी स्टॉल और पंपलेट्स के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विकास विभाग, पुलिस प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

ये भी पढ़िए