पिपरी (सोनभद्र): जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पीड़ित व्यक्ति के खाते से उड़ाए गए 88,700 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए हैं।
क्या था मामला:
रेनूकूट के राधा कृष्णा मंदिर निवासी गौतम जायसवाल पुत्र ओमप्रकाश जायसवाल एक अज्ञात साइबर अपराधी की ठगी का शिकार हो गए थे। जालसाज ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से बड़ी धनराशि पार कर दी थी। पीड़ित ने इसकी सूचना तत्काल थाना पिपरी पुलिस को दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में थाना पिपरी की साइबर टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि को बीच में ही ‘होल्ड’ करा दिया। इसके बाद कानूनी पत्राचार और आवश्यक नोटिस की प्रक्रिया पूरी करते हुए कुल 88,700 रुपये पीड़ित के मूल खाते में वापस मंगा लिए गए।
पीड़ित ने जताया आभार
मेहनत की कमाई वापस मिलने पर आवेदक गौतम जायसवाल ने पुलिस टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और थाना पिपरी पुलिस की कार्यशैली की जमकर सराहना की।
सराहनीय टीम: इस सफल रिकवरी में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, निरीक्षक हरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह और महिला आरक्षी अर्चना की मुख्य भूमिका रही।

