सोनभद्र: ओवरलोडिंग के खेल में दबंगई पड़ी भारी, खनन अधिकारियों से बदसलूकी करने वाले 5 गिरफ्तार, 2 स्कॉर्पियो सीज

रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले ‘दबंगों’ पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को सीज कर दिया है।
मामला 1: चेकिंग टीम पर दबाव बनाना पड़ा महंगा
शनिवार रात करीब 10:00 बजे एक सफेद स्कॉर्पियो (UP64 AQ 4787) में सवार कुछ युवकों ने चेकिंग कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बदतमीजी की। ये लोग अधिकारियों पर ओवरलोड वाहनों को छोड़ने के लिए दबाव बना रहे थे और धमकी दे रहे थे।
सूचना मिलते ही थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मौके से 4 अभियुक्तों (जयदेव पाण्डेय, हिमांशु, विकास सिंह और बबलू शुक्ला) को गिरफ्तार कर लिया। इनका एक साथी राहुल तिवारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने इनकी स्कॉर्पियो को भी सीज कर दिया है।
मामला 2: लोढ़ी टोल प्लाजा पर वाहन स्वामी की गुंडागर्दी
इसी रात करीब 11:15 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा के पास खनन विभाग की टीम एक ओवरलोड ट्रक (UP64 BT 2221) की जांच कर रही थी। तभी ट्रक मालिक विनोद कुमार सिंह अपनी स्कॉर्पियो (UP64 AS 2100) से वहां पहुंचा और अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन स्वामी विनोद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसकी स्कॉर्पियो को भी मौके पर ही सीज कर दिया।


पुलिस की चेतावनी: कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को लेकर विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या अवैध खनन/ओवरलोडिंग को बढ़ावा देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम: इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरुप वर्मा, उ0नि0 दीनानाथ, मुख्य आरक्षी नंदलाल व जयराम राय तथा आरक्षी रमेश व रूपेश कुमार शामिल रहे।
>

ये भी पढ़िए