चुनार पुलिस को बड़ी सफलता: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार, तमंचा और चोरी का माल बरामद

मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) चुनार पुलिस ने आदर्श कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज, सीखड़ में हुई चोरी की घटना का मात्र कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया स्कूल का कीमती सामान और एक अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
क्या था मामला?


बीती 2 अप्रैल को आदमपुर निवासी रमेश कुमार सिंह ने थाना चुनार में तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने आदर्श कन्या इंटरमीडिएट कॉलेज का ताला तोड़कर बायोमेट्रिक मशीन, कंप्यूटर, गैस सिलेंडर, चूल्हा, पंखे और स्कूल का घंटा चोरी कर लिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने क्षेत्राधिकारी चुनार के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
प्रभारी निरीक्षक चुनार के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक शिवानन्द यादव की टीम ने पतारसी और सुरागरसी शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के सामान के साथ एक व्यक्ति पयागपुर मार्ग पर मेडिया ग्राम के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर सत्यकुमार मिश्रा उर्फ शनि मिश्रा (निवासी सीखड़) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी का विवरण
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से पुलिस ने चोरी का निम्नलिखित सामान बरामद किया:
इलेक्ट्रॉनिक उपकरण: 01 कंप्यूटर, 01 फिंगरप्रिंट (बायोमेट्रिक) मशीन।
घरेलू सामान: 01 गैस सिलेंडर, 01 चूल्हा, 10 लीटर का कुकर, 01 सीलिंग फैन।
अवैध हथियार: 01 अदद तमंचा (315 बोर) और 01 जिंदा कारतूस।


पूछताछ में हुआ खुलासा


पुलिसिया पूछताछ में अभियुक्त सत्यकुमार ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर स्कूल में चोरी की थी। वह चोरी के सामान को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था, लेकिन ग्राहक न मिलने के कारण वह पकड़ा गया।

पुलिस की कार्रवाई: थाना चुनार पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

ये भी पढ़िए