सोनभद्र: हत्या का खुलासा, 24 घंटे के अंदर तीन आरोपी गिरफ्तार; बैल के पैसे और ‘जादू-टोना’ बना मौत का कारण

सोनभद्र (ब्यूरो)। जनपद की जुगैल थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्या के मामले का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजकर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने आपसी रंजिश और अंधविश्वास के चलते गला दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।


क्या था मामला?


ग्राम बड़गांवा निवासी शिवचरन गोड़ बीते 14 मार्च 2026 से लापता थे। उनकी पत्नी श्रीमती इश्रावती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की शाम आरोपी राम प्रसाद उनके पति को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे। तलाशी के दौरान 19 मार्च को सोन नदी के किनारे ‘गुजरी’ नामक स्थान पर शिवचरन का सड़ा-गला शव बरामद हुआ था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, जुगैल थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार (03 अप्रैल) सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम चौरा टोला बिजौरा से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त: राम प्रसाद (45 वर्ष), निवासी चौरा टोला बिजौरा, छोटे लाल (40 वर्ष), निवासी बिजौरा,परसराम उर्फ सरवन (22 वर्ष), निवासी बिजौरा।


पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा


पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी राम प्रसाद ने बताया कि मृतक शिवचरन ने उसका बैल बेचा था, लेकिन उसके पैसे वापस नहीं कर रहा था। वहीं, अन्य आरोपियों को संदेह था कि मृतक उन पर ‘जादू-टोना’ करता है। इसी रंजिश और द्वेष के चलते 14 मार्च की रात शराब पीने के बाद तीनों ने मिलकर शिवचरन की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सोन नदी के किनारे फेंक दिया।


विधिक कार्रवाई और टीम


पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 3(5) बीएनएस और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें माननीय न्यायालय पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी टीम में मुख्य भूमिका: इस सफलता में थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी राजेन्द्र प्रसाद यादव, श्याम नारायण यादव, महिला मुख्य आरक्षी मीना यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और मुकेश कुमार शामिल रहे।

    ये भी पढ़िए