ओबरा (रँगेश सिंह)सोनभद्र : ओबरा थाना क्षेत्र के सेक्टर 3 स्थित एक किराए के कमरे में 20 वर्षीय युवती द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक युवती की पहचान अर्चना (20 वर्ष), पुत्री राधेश्याम निषाद के रूप में हुई है। मूल रूप से भलुआ टोला (अंधेरी पुलिया के सामने) की निवासी अर्चना का परिवार सेक्टर 3 में ‘फोटइया’ नामक व्यक्ति के मकान में कमरा किराए पर लेकर रहता है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:00 बजे अर्चना यह कहकर घर से निकली थी कि वह सेक्टर 3 वाले कमरे पर नहाने जा रही है और जल्द लौट आएगी। लेकिन जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिवार की चिंता बढ़ गई।
छोटी बहन ने देखा मंजर
रात में अर्चना की छोटी बहन अंतिमा (18 वर्ष) उसे ढूंढते हुए कमरे पर पहुंची थी, लेकिन उस वक्त उसे अर्चना का कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे जब अंतिमा दोबारा सेक्टर 3 स्थित आवास पर पहुंची, तो वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे के अंदर टिन शेड के सहारे दुपट्टे का फंदा बनाकर अर्चना का शव संदिग्ध अवस्था में लटका हुआ था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नोट: अभी तक आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।

