रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थलों पर शालीनता बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस अब एक्शन मोड में है। रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में पुलिस ने ऑटो चालकों के साथ संवाद कर उन्हें यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पाठ पढ़ाया। बढ़ौली ओवरब्रिज के नीचे लगा चालकों का जमावड़ा क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्रा ने रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली ओवरब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में एकत्र हुए ऑटो चालकों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि ऑटो में अश्लील गाने और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने वाहनों से साउंड सिस्टम स्वयं हटा लें, अन्यथा चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर वाहन को सीज कर दिया जाएगा।

सुरक्षा और अनुशासन पर जोर
संवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए: वैध दस्तावेज: बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस (DL) के कोई भी चालक सड़क पर वाहन नहीं उतारेगा। यातायात अनुशासन: सड़क सुरक्षा नियमों और रोड अनुशासन का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।
सतर्कता: यदि ऑटो में कोई संदिग्ध व्यक्ति बैठता है या किसी की गतिविधियां संदेहास्पद लगती हैं, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
होगी सख्त विधिक कार्यवाही
सीओ नगर ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, जिन्हें अक्सर ऑटो में बजने वाले अश्लील गानों के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।”सोनभद्र पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए संकल्पित है। नियमों का पालन करें और सभ्य समाज के निर्माण में सहयोग दें।” — सोनभद्र पुलिस

