मदन मोहन, नौगढ़ (चंदौली)। पशु तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में नौगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार सुबह पुलिस ने औरवाटाड़ के जंगलों में घेराबंदी कर वध के लिए बिहार ले जाए जा रहे 20 गोवंशों को मुक्त कराया। मौके से पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जंगल के रास्ते बिहार ले जाने की थी फिराक
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर गोवंशों को क्रूरतापूर्वक बांधकर पैदल हांकते हुए जंगल के रास्ते बिहार ले जा रहे हैं। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना नौगढ़ पुलिस ने औरवाटाड़ जंगल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया। मौके से 20 राशि गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें तस्कर मारते-पीटते ले जा रहे थे।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना नौगढ़ में तहत धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल कर रही है।
सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक (प्र.नि.) प्रमोद कुमार यादव, औरवटाड़ चौकी प्रभारी उप-निरीक्षक (उ.नि.) धनई प्रसाद, चंद्रप्रभा चौकी प्रभारी उ.नि. तरुण पाण्डेय, उ.नि. अभय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल सूबेदार सिंह, परशुराम सिंह और कांस्टेबल सतीश यादव शामिल रहे।

