जिले भर में चला व्यापक जनजागरूकता अभियान; विधिक अधिकारों, आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
सोनभद्र : महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा ‘मिशन शक्ति 5.0’ के दूसरे चरण के अंतर्गत जनपद में व्यापक एवं प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज के सभी वर्गों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत महिलाओं और बच्चों से जुड़े संवेदनशील और प्रमुख सामाजिक विषयों—जैसे लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह उन्मूलन, लैंगिक शोषण, साक्षरता, स्वास्थ्य और घरेलू व सामाजिक हिंसा के खिलाफ जनमानस को जागरूक किया गया।
स्कूलों से लेकर ग्राम सभाओं तक दी जा रही विधिक जानकारी
अभियान के क्रम में जनपद के समस्त थानों की ‘मिशन शक्ति’ टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न स्कूलों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, स्थानीय बाजारों और ग्राम सभाओं में विशेष संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया। पुलिस टीमों द्वारा छात्राओं और महिलाओं को ‘गुड टच-बैड टच’ के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के व्यावहारिक उपाय सिखाए गए। इसके अलावा महिलाओं को उनके उत्पीड़न से संबंधित विधिक अधिकारों और कानूनी सुरक्षात्मक उपायों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।
साइबर अपराधियों से बचने के लिए पुलिस ने दी ‘जादू की झप्पी’
वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीमों ने महिलाओं और युवाओं को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के विशेष टिप्स दिए। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर सचेत किया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी (OTP) या बैंकिंग विवरण साझा न करें। इसके साथ ही फर्जी कॉल्स, संदिग्ध लिंक्स और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने तथा सुरक्षित इंटरनेट बैंकिंग व सोशल मीडिया प्रोफाइल हैंडलिंग के संबंध में विशेष रूप से जागरूक किया गया।
सुरक्षा आपकी, जिम्मेदारी हमारी: इन नंबरों को रखें याद
पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध परिस्थिति में घबराने के बजाय तत्काल निम्नलिखित सरकारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें: 112 आपातकालीन सेवा (तत्काल पुलिस सहायता 1090/1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन वीमेन पावर लाइन, 181– महिला हेल्पलाइन, 1930– साइबर अपराध हेल्पलाइन (ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के लिए,1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

